थाने में ‘आज जेल कल बेल’ गाने पर रील बनाना पड़ा भारी, दुर्ग में दो युवक गिरफ्तार

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

दुर्ग। सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत कभी-कभी युवाओं को बड़ी मुसीबत में डाल देती है। ऐसा ही एक मामला दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर लोकप्रिय बनने के जुनून में दो युवकों ने ऐसा कदम उठा लिया, जो उन्हें सीधे सलाखों के पीछे ले गया।

दरअसल, हर्ष साहू उर्फ ‘हुक्का’ नाम के युवक ने अपने दोस्त कनक चतुर्वेदी के साथ मिलकर उतई थाना परिसर को ही रील शूट करने का लोकेशन बना लिया। थाने से बाहर निकलते हुए हर्ष ने फिल्मी अंदाज में ‘आज जेल, कल बेल, परसों फिर वही खेल’ गाने पर एक स्टाइलिश वीडियो बनाया और उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया।

वीडियो में हर्ष का रवैया किसी फिल्मी किरदार जैसा नजर आ रहा था, जिसमें वह पुलिस कार्रवाई को हल्के में लेते हुए दिख रहा था। देखते ही देखते यह रील वायरल हो गई और करीब 47 हजार लोगों ने इसे देख लिया।

मामले की जानकारी मिलते ही दुर्ग पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया। पुलिस का मानना था कि इस तरह का वीडियो न सिर्फ थाने के परिसर का गलत इस्तेमाल है, बल्कि इससे पुलिस की छवि भी प्रभावित होती है। इसके बाद उतई थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हर्ष साहू को गिरफ्तार कर लिया।

साथ ही वीडियो बनाने में सहयोग करने वाले उसके दोस्त कनक चतुर्वेदी को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। जानकारी के मुताबिक, हर्ष साहू पहले भी वर्ष 2024 में एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार हो चुका है और करीब 17 महीने जेल में रह चुका है।

पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए कानून का उल्लंघन न करें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही गंभीर परिणाम दे सकती है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment