रायगढ़।छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले की आईटीआई कॉलोनी में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में लगे विंडो एसी के कंप्रेसर में अचानक जोरदार धमाका हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।
मिली जानकारी के मुताबिक, हादसे में आईटीआई कॉलोनी निवासी पुरुषोत्तम पटेल की घटनास्थल पर ही जान चली गई। वहीं उनका बेटा राजवीर पटेल गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाके के बाद घर में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि विंडो एसी के सामने खड़ी दो बाइक भी उसकी चपेट में आ गईं और देखते ही देखते जलकर राख हो गईं। विस्फोट की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घबरा गए और अपने घरों से बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही चक्रधरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस तकनीकी पहलुओं समेत सभी संभावित कारणों की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही विस्फोट की असली वजह सामने आ सकेगी।





