दंतेवाड़ा में गूंजेगा क्रिकेट का जोश, सचिन तेंदुलकर बच्चों संग खेलेंगे क्रिकेट

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

दंतेवाड़ा। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले Sachin Tendulkar 22 अप्रैल को अपने परिवार के साथ छत्तीसगढ़ के Dantewada जिले के दौरे पर आ रहे हैं। उनके इस बहुप्रतीक्षित दौरे को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है और प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

सचिन तेंदुलकर गीदम ऑडिटोरियम में शिक्षकों और विद्यार्थियों से संवाद करेंगे, वहीं पनेड़ा ग्राउंड में बच्चों के साथ क्रिकेट खेलते नजर आएंगे। इसके अलावा वे इंद्रावती नदी के तट पर बसे छिंदनार गांव का भी दौरा करेंगे, जहां विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

इस दौरान सचिन बच्चों की खेल प्रतिभाओं का अवलोकन करेंगे और उन्हें मार्गदर्शन देंगे। कार्यक्रमों में छात्र-छात्राएं खो-खो, कबड्डी और वॉलीबॉल जैसे खेलों का प्रदर्शन भी करेंगे। जावंगा ऑडिटोरियम में वे अपने अनुभव साझा कर युवाओं को प्रेरित करेंगे।

दौरे की सबसे खास बात यह रहेगी कि मास्टर-ब्लास्टर सिर्फ औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि बच्चों के साथ मैदान में उतरकर क्रिकेट खेलेंगे। उनके परिवार की मौजूदगी इस दौरे को और भी खास बनाएगी, जिससे बच्चों को उनसे जुड़ने का मौका मिलेगा।

पनेड़ा में सचिन तेंदुलकर निर्माणाधीन क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन भी करेंगे। माना जा रहा है कि उनका यह दौरा जिले में खेल संस्कृति को नई दिशा देगा और युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करेगा।

खेलों को बढ़ावा देने में जुटा सचिन फाउंडेशन

Sachin Tendulkar Foundation के माध्यम से जिले में खेलों को बढ़ावा देने का काम तेजी से किया जा रहा है। दंतेवाड़ा में अब तक 15 खेल मैदान तैयार किए जा चुके हैं, जबकि 25 स्कूलों, आश्रमों और पोटाकेबिन में खेल गतिविधियां लगातार संचालित हो रही हैं।

सीमित स्थानों में मल्टी-यूज ग्राउंड विकसित किए गए हैं, जहां क्रिकेट के साथ अन्य खेल भी खेले जा सकते हैं। गीदम ब्लॉक के छिंदनार, कासोली, गुमड़ा, कारली और बांगापाल समेत कई स्कूलों में मैदान तैयार हो चुके हैं, जबकि दंतेवाड़ा ब्लॉक के चितालूर, मेंडोली, गोडरे और भांसी में कार्य जारी है।

सचिन तेंदुलकर का यह दौरा न सिर्फ बच्चों के लिए प्रेरणादायक होगा, बल्कि दंतेवाड़ा में खेलों के विकास को भी नई रफ्तार देने वाला साबित हो सकता है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment