गरियाबंद: क्रिकेट के मैदान से बाहर भी कभी-कभी ऐसे किस्से बन जाते हैं, जो यादगार बन जाते हैं। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के माड़ागांव में रहने वाले 21 वर्षीय मनीष बीसी के साथ कुछ ऐसा ही हुआ, जब उन्हें गलती से भारतीय क्रिकेटर रजत पाटीदार का पुराना मोबाइल नंबर अलॉट हो गया। इसके बाद उनके फोन पर विराट कोहली, यश दयाल और एबी डिविलियर्स जैसे क्रिकेट सितारों के कॉल आने लगे, जिससे पूरा गांव हैरान रह गया।
28 जून को मनीष ने देवभोग के एक मोबाइल सेंटर से नया जियो सिम खरीदा। मोबाइल दुकानदार शिशुपाल ने उन्हें नंबर ***03200 दिया। व्हाट्सएप इंस्टॉल करने के बाद उनकी डीपी में रजत पाटीदार की तस्वीर दिखने लगी। पहले तो मनीष और उनके दोस्त खेमराज ने इसे तकनीकी गड़बड़ी समझा, लेकिन जल्द ही मशहूर क्रिकेटरों के कॉल आने शुरू हो गए।
करीब 15 जुलाई को खुद रजत पाटीदार ने मनीष को फोन कर सिम वापस करने का अनुरोध किया। मनीष ने पहले इसे मजाक समझा, लेकिन थोड़ी देर बाद पुलिस के पहुंचने पर मामला साफ हो गया। युवकों की सहमति से सिम पुलिस को सौंपा गया और फिर क्रिकेटर के पते पर भेज दिया गया।
गांव में बनी चर्चा का विषय
खेमराज, जो कि विराट कोहली का बड़ा फैन है, अपने क्रिकेट आइडल से सीधे बात कर बेहद खुश हुआ। दोनों युवकों ने कहा कि चाहें तो सिम अपने पास रख सकते थे, लेकिन खिलाड़ियों और पुलिस के अनुरोध पर इसे लौटा दिया। मनीष के पिता गजेंद्र बीसी ने बताया कि यह घटना गांव के लिए हमेशा यादगार रहेगी और लोग अब इसे “क्रिकेटर वाली किस्मत” कहकर बुला रहे हैं।
नंबर अलॉटमेंट का कारण
देवभोग थाना प्रभारी फैजुल शाह होदा ने बताया कि रजत पाटीदार का यह नंबर करीब 90 दिनों तक बंद था। टेलीकॉम कंपनी के नियम के अनुसार लंबे समय तक निष्क्रिय रहने पर नंबर नए ग्राहक को अलॉट कर दिया जाता है। इस मामले में मध्य प्रदेश साइबर सेल ने मनीष के पिता से संपर्क कर सिम वापस मांगा और पुलिस टीम ने इसे क्रिकेटर के पते पर पोस्ट ऑफिस के माध्यम से भेज दिया।



