रायपुर। राजधानी के टिकरापारा थाना इलाके में बंद घर के अंदर एक ही परिवार के पांच लोगों की लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक, मृतकों में बैटरी का कारोबार करने वाले व्यक्ति, उनकी पत्नी और तीन बच्चे शामिल हैं।
शुरुआती जांच में घर से खाने-पीने का सामान और एक कीटनाशक का डिब्बा मिला है। वहीं, पुलिस को सभी मृतकों के मुंह से झाग निकलने की भी जानकारी मिली है। घटना की सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची, जांच की और पूरे घर को सील कर दिया गया।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल शुरुआती सबूतों के आधार पर जांच की जा रही है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच आने के बाद ही साफ हो पाएगी। अभी मामले के हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच जारी है।






