बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की परेशानियों का कारण बनते जा रहे हैं। बलौदाबाजार जिले में जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान एक मजदूर गले में बिजली का मीटर लटकाकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचा। उसने 22 हजार रुपये के भारी-भरकम बिजली बिल को दिखाकर न्याय की गुहार लगाई।


मजदूर बोला – मजदूरी से पेट भरना मुश्किल, बिल कैसे चुकाऊं?
ग्राम सुढ़ेला निवासी विश्वनाथ भारद्वाज ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिजली बिल लगातार बढ़ते जा रहे हैं। मजदूरी कर किसी तरह परिवार का पेट पाल रहा हूं, लेकिन हजारों रुपये का बिजली बिल गरीब परिवार की कमर तोड़ रहा है।
कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश
कलेक्टर दीपक सोनी ने शिकायत सुनने के बाद बिजली विभाग को तत्काल जांच के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाएगा और हर शिकायत का समाधान प्राथमिकता पर होगा।
प्रदेशभर में बढ़ रही शिकायतें
गौरतलब है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद छत्तीसगढ़ के कई जिलों से उपभोक्ताओं की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। कहीं लोग विभाग के चक्कर लगा रहे हैं, तो कहीं मजबूरी में भारी-भरकम बिल चुका रहे हैं।
जनता को कब मिलेगी राहत?
बढ़ती महंगाई के बीच आम जनता पर बिजली बिल की मार ने परेशानियां और बढ़ा दी हैं। सवाल यह है कि स्मार्ट मीटर की गड़बड़ियों से उपभोक्ताओं को कब और कैसे राहत मिलेगी?



