रायपुर: छत्तीसगढ़ की सियासत इन दिनों वोट चोरी विवाद को लेकर गरमा गई है। भाजपा और कांग्रेस एक-दूसरे पर लगातार आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भूपेश बघेल कैबिनेट के मंत्री रहे मोहम्मद अकबर के इशारे पर मतदाता सूची में गड़बड़ी कराई गई। वहीं, कांग्रेस के बड़े नेता और प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने भाजपा पर लोकतंत्र कमजोर करने का आरोप जड़ा।
विजय शर्मा का आरोप- वोट चोरी में कांग्रेस का हाथ
नवा रायपुर सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में शर्मा ने दावा किया कि भूपेश सरकार के दौरान मोहम्मद अकबर के निर्देश पर कवर्धा और रायपुर विधानसभा क्षेत्रों में फर्जी मतदाता जुड़वाए गए। उन्होंने कहा कि अलग-अलग एपिक नंबर के जरिए नाम दर्ज कराए गए, जो सीधा चुनावी गड़बड़ी का मामला है।
शर्मा बोले कि 75 वर्षीय रियाज हुसैन ने केवल मतदान के लिए फार्म-6 भरकर कवर्धा में नाम जुड़वाया और फिर फार्म-8 से हटाकर रायपुर पश्चिम में जुड़वा लिया। इसी तरह रमीज कुट्टी ने पासपोर्ट पर रायपुर का पता होने के बावजूद खुद को कवर्धा निवासी बताया। राजधानी में एक मकान में 350 से ज्यादा मतदाताओं के नाम जोड़ने का मामला भी सामने आया है। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस वोट चोरी के मामले में “उल्टा चोर कोतवाल को डांटे” वाली कहावत सच कर रही है।
मोहम्मद अकबर का जवाब
वहीं, मोहम्मद अकबर ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके द्वारा मतदाता सूची में कोई नाम नहीं जुड़वाया गया है।
सचिन पायलट का पलटवार
बिलासपुर में कांग्रेस के “वोट चोर, गद्दी छोड़” आंदोलन की शुरुआत करते हुए सचिन पायलट ने भाजपा पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “वोट चोरी लोकतंत्र का सबसे बड़ा अपराध है, जिसे जनता कभी माफ नहीं करेगी।”
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनावी व्यवस्था को कमजोर किया है और केंद्र सरकार के साथ चुनाव आयोग की साठगांठ से लोकतंत्र को चोट पहुंचाई जा रही है। पायलट ने कहा, “शक होता है कि दाल में कुछ काला है, लेकिन यहां तो पूरी दाल ही काली है।”
केंद्र और चुनाव आयोग पर साठगांठ का आरोप
पायलट ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त की नियुक्ति में चीफ जस्टिस की जगह गृहमंत्री को शामिल कर भाजपा ने मनचाहा सिस्टम खड़ा कर लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सीसीटीवी फुटेज 45 दिन में डिलीट कर दिया जाता है और यह सब सत्ता में बने रहने की साजिश का हिस्सा है।
सभा में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव सहित कई बड़े नेता मौजूद रहे।



