छत्तीसगढ़ राजभवन ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में भर्ती प्रक्रिया पर लगाई रोक

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर: छत्तीसगढ़ राजभवन ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में चल रही 60 से अधिक पदों की भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगा दी है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, सोमवार देर रात विश्वविद्यालय प्रशासन को पत्र भेजकर मंगलवार से शुरू होने वाले साक्षात्कार स्थगित करने के निर्देश दिए गए। इसी के साथ कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल को भी राजभवन ने तलब किया है।

बताया जा रहा है कि विश्वविद्यालय में 18 सहायक प्राध्यापक सहित कुल 60 से अधिक पदों के लिए साक्षात्कार प्रस्तावित थे। इनमें कृषि विज्ञान केंद्रों के लिए विषय विशेषज्ञ (37 पद), फार्म मैनेजर (8 पद), प्रोग्राम असिस्टेंट (7 पद), ड्राइवर, कंप्यूटर ऑपरेटर और प्यून जैसे पद शामिल थे। इसके अलावा बैकलॉग श्रेणी के 12 पद और खाद्य महाविद्यालय के लिए 6 पदों पर भी भर्ती होनी थी।

साक्षात्कार प्रक्रिया 22 सितंबर तक चलने वाली थी। लेकिन विश्वविद्यालय और कुलाधिपति कार्यालय के बीच प्रतिनिधि को चयन समिति में शामिल करने को लेकर मतभेद चल रहे थे। विवि प्रशासन का कहना था कि नियमों में इसका कोई प्रावधान नहीं है। इस मुद्दे पर पहले भी कुलपति को चर्चा के लिए राजभवन बुलाया गया था।

लेन-देन की शिकायतों के बाद कार्रवाई

सूत्रों के अनुसार, राजभवन को इन नियुक्तियों से जुड़ी अनियमितता और लेन-देन की शिकायतें मिली थीं, जिसके चलते भर्ती प्रक्रिया फिलहाल रोक दी गई है। मंगलवार को साक्षात्कार देने पहुंचे अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्थगन की जानकारी दी, जिससे वे निराश होकर लौट गए।

विश्वविद्यालय प्रबंधन का कहना है कि अभी चयन प्रक्रिया पूरी नहीं हुई थी, ऐसे में गड़बड़ी के आरोप लगाना उचित नहीं है। अब स्थिति साफ होने के बाद ही आगे भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment