राहुल गांधी के खिलाफ FIR, दलित युवक ने दर्ज कराई शिकायत

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

हल्द्वानी।उत्तराखंड के हल्द्वानी में ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद अब थाने तक पहुंच गया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ BNS और SC/ST एक्ट की कई धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है।

जानकारी के मुताबिक, यह FIR हल्द्वानी की जवाहर नगर कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय अमित कुमार की शिकायत पर दर्ज हुई है। अमित कुमार ने खुद को वाल्मीकि समुदाय से बताया है।

दरअसल, राहुल गांधी ने नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुए ‘शुद्धिकरण हवन’ को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कार्रवाई की मांग की थी। यह आयोजन कांग्रेस अध्यक्ष और दलित नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के कुछ दिन बाद हुआ था।

राहुल गांधी ने इस आयोजन को ‘अपराध’ बताते हुए कहा था कि इससे देश में दलितों के साथ होने वाले छुआछूत की मानसिकता सामने आती है। उन्होंने आरोप लगाया था कि यह बीजेपी और आरएसएस की सोच को दिखाता है। राहुल गांधी ने हल्द्वानी में हुए आयोजन के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ SC/ST एक्ट के तहत FIR दर्ज करने की मांग भी की थी।

शिकायत में क्या कहा गया?

अमित कुमार का कहना है कि 11 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुए सफाई अभियान और धार्मिक कार्यक्रम में उन्होंने और अनुसूचित जाति समुदाय के अन्य लोगों ने भी हिस्सा लिया था। उनका दावा है कि इस कार्यक्रम का किसी व्यक्ति या जाति से कोई लेना-देना नहीं था।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, राहुल गांधी के बयान के बाद उन्हें और उनके समुदाय के लोगों को ऐसे पेश किया गया, जैसे वे छुआछूत को बढ़ावा देने वाले या दलित विरोधी हों। अमित कुमार ने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान से अलग-अलग समुदायों के बीच तनाव और दुश्मनी बढ़ने की स्थिति पैदा हुई है।

फिलहाल राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद यह मामला राजनीतिक बहस के साथ-साथ कानूनी विवाद में भी बदल गया है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment