रायपुर। अप्रैल का महीना अभी आधा ही बीता है, लेकिन राजधानी रायपुर में गर्मी ने मई-जून जैसी तपिश का एहसास कराना शुरू कर दिया है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा बढ़ने लगा है और लोग तेज धूप से बचने के लिए घरों में ही रहना पसंद कर रहे हैं।
सोमवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन के लिए काफी ज्यादा माना जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले चार दिनों में तापमान में और इजाफा होगा और यह 3 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है।
यानी 14 अप्रैल के बाद कई इलाकों में पारा 42 डिग्री के पार जाने की पूरी संभावना है। इसी के साथ 15 अप्रैल से प्रदेश के कई हिस्सों में हीट वेव यानी लू चलने की चेतावनी भी जारी कर दी गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कई क्षेत्रों में तापमान सामान्य से अधिक बना रहेगा, जिससे लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई है। सबसे ज्यादा तापमान रायपुर में 41°C रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 16.5°C दर्ज हुआ।
वहीं, मंगलवार को भी मौसम के साफ रहने का अनुमान है। आसमान बिल्कुल साफ रहेगा, जिससे धूप और ज्यादा तेज महसूस होगी। राजधानी में अधिकतम तापमान 41°C और न्यूनतम तापमान करीब 25°C के आसपास रहने की संभावना है।
ऐसे में लोगों को सलाह दी जा रही है कि दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और खुद को लू से सुरक्षित रखें।







