अंबेडकर जयंती पर भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ का मानवीय पहल: रायपुर में मुफ्त हेल्थ कैंप, सैकड़ों मरीजों को मिला लाभ

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर रायपुर में सेवा और समरसता की अनोखी मिसाल देखने को मिली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चिकित्सा प्रकोष्ठ ने इस दिन को ‘समरसता दिवस’ के रूप में मनाते हुए शहर भर में नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवा अभियान चलाया, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को राहत मिली।

इस पहल का नेतृत्व जिला संयोजक डॉ. सत्येन्द्र पाण्डेय ने किया। उनके मार्गदर्शन में कई डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों ने अपने-अपने अस्पतालों और क्लीनिकों में फ्री हेल्थ कैंप आयोजित किए। इन शिविरों में आने वाले मरीजों को न सिर्फ मुफ्त परामर्श दिया गया, बल्कि खून की जांच, एक्स-रे और अन्य जरूरी टेस्ट भी बिना किसी शुल्क के किए गए।

गर्मी के बढ़ते असर और मौसमी बीमारियों को ध्यान में रखते हुए मरीजों को होम्योपैथिक दवाएं भी वितरित की गईं। खासतौर पर कंजक्टिवाइटिस, चिकनपॉक्स और लू से बचाव के लिए जरूरी दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई, जिससे लोगों को तत्काल राहत मिल सके।

इस सेवा अभियान में डॉ. मनोज ठाकुर, डॉ. कृष्णदास मानिकपुरी, डॉ. राजू मार्कण्डेय, डॉ. रोहित जैन, डॉ. रुद्र साहू, डॉ. सन्दीप भार्गव, डॉ. पुण्यराज मार्कण्डेय, डॉ. हर्षिता मेहता, डॉ. बी.पी. त्रिपाठी, डॉ. ऋतु पाण्डेय, डॉ. शिव कुमार साहू और डॉ. नरेश सिंह जैसे कई अनुभवी चिकित्सकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

डॉ. सत्येन्द्र पाण्डेय ने कहा कि अंबेडकर जी का पूरा जीवन समाज के कमजोर और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित रहा। यह स्वास्थ्य सेवा अभियान उसी सोच को आगे बढ़ाने की एक छोटी सी कोशिश है, जिसमें हर जरूरतमंद तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

स्थानीय लोगों ने इस पहल की जमकर सराहना की और इसे समाज के लिए बेहद उपयोगी कदम बताया। इस आयोजन ने न सिर्फ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं, बल्कि समाज में एकता और सेवा भावना का संदेश भी दिया।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment