जांजगीर-चांपा। जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। मृतक छात्र की पहचान कमलेश जायसवाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि छात्र ने आत्महत्या से पहले एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें उसने स्कूल के प्राचार्य और कुछ शिक्षकों पर गंभीर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।
मृतक छात्र कमलेश जायसवाल न्यूवोको सीमेंट प्लांट द्वारा संचालित एक निजी स्कूल में अध्ययनरत था। सुसाइड नोट में छात्र ने साफ तौर पर उल्लेख किया है कि उसे लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था, जिससे वह अंदर से टूट चुका था। नोट में छात्र ने संबंधित शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की है।

जानकारी के अनुसार, कमलेश ने अपने ही घर में फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। होनहार छात्र की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश का माहौल बन गया।
घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने आरसमेटा गांव में चक्काजाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने छात्र के शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और न्यूवोको प्रबंधन व प्रशासन से दोषी शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।







