धुरंधर 2 इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त धमाल मचा रही है। भारत में रिकॉर्ड तोड़ कमाई के बाद अब इस फिल्म की गूंज पड़ोसी देश पाकिस्तान तक पहुंच गई है। लेकिन इस बार चर्चा फिल्म की कमाई नहीं, बल्कि उससे जुड़ी एक दिलचस्प और चौंकाने वाली मांग को लेकर हो रही है।
फिल्म की सफलता के बीच ल्यारी इलाके के कुछ लोगों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में लोग फिल्म के डायरेक्टर आदित्य धर से मजेदार अंदाज में 500 करोड़ रुपये देने की मांग करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में एक स्थानीय व्यक्ति कहता है कि अगर फिल्म 1000 करोड़ से ज्यादा कमा रही है, तो उसका एक बड़ा हिस्सा ल्यारी के विकास में लगाया जाना चाहिए। उसका कहना है कि यहां की सड़कों की हालत इतनी खराब है कि बच्चों के पैरों में छाले पड़ जाते हैं। अगर इस कमाई का थोड़ा हिस्सा भी मिल जाए, तो इलाके की तस्वीर बदल सकती है।
एक अन्य शख्स ने भी अपनी बात रखते हुए कहा कि फिल्म ने अगर ल्यारी का नाम और यहां की स्थिति को दिखाकर कमाई की है, तो यहां के लोगों को भी उसका फायदा मिलना चाहिए। उसने तो यहां तक कह दिया कि कमाई का 70-80% हिस्सा ल्यारी के लोगों को मिलना चाहिए।
इस वीडियो पर भारत में भी यूजर्स ने जमकर प्रतिक्रिया दी। कुछ लोगों ने इसे हल्के-फुल्के मजाक के तौर पर लिया और कहा कि डायरेक्टर के नाम पर ल्यारी में एक सड़क बनाई जानी चाहिए। वहीं, कुछ यूजर्स ने इसे अनुचित और शर्मनाक मांग भी बताया।
जहां तक फिल्म की बात है, ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। फिल्म ने अब तक भारत में करीब 778 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है, जबकि दुनियाभर में इसकी कमाई 1150 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है।
फिल्म में रणवीर सिंह, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, राकेश बेदी और सारा अर्जुन जैसे सितारे नजर आ रहे हैं, जिनकी एक्टिंग को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है।







