दिल्ली रवाना हुए नितिन नवीन, आखिरी वक्त पर टला विधानसभा से इस्तीफा

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

नितिन नवीन का बिहार विधानसभा से इस्तीफा रविवार को होना था, लेकिन आखिरी समय पर उनका कार्यक्रम अचानक बदल गया। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार समेत कई अधिकारी और समर्थक सुबह से ही उनके इंतज़ार में मौजूद थे, पर वे इस्तीफा देने नहीं पहुंचे।

दरअसल, सुबह विधानसभा की ओर से सूचना जारी की गई थी कि नितिन नवीन तय समय सुबह 8:40 बजे संवैधानिक प्रक्रिया के तहत अपना त्यागपत्र सौंपेंगे। इस वजह से रविवार होने के बावजूद विधानसभा कार्यालय खोला गया और सभी जरूरी तैयारियां भी पूरी कर ली गईं।

लेकिन ठीक उसी समय खबर आई कि नितिन नवीन को अचानक दिल्ली जाना पड़ा और वे विशेष विमान से रवाना हो गए। इसके बाद साफ कर दिया गया कि आज उनका इस्तीफा नहीं होगा।

मामला इसलिए भी अहम है क्योंकि नीतीश कुमार और नितिन नवीन दोनों ही राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो चुके हैं। नियम के अनुसार कोई भी व्यक्ति 14 दिनों से अधिक समय तक दो सदनों का सदस्य नहीं रह सकता, इसलिए दोनों नेताओं को 30 मार्च तक विधानसभा की सदस्यता छोड़नी जरूरी है।

अब अटकलें लगाई जा रही हैं कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 30 मार्च को इस्तीफा दे सकते हैं, हालांकि इस पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

वहीं, चर्चा यह भी है कि नितिन नवीन और नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा में शपथ ले सकते हैं। उनके साथ रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश कुमार भी शपथ लेंगे। हालांकि इस तारीख को लेकर भी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।

फिलहाल, नितिन नवीन का इस्तीफा टलने से सियासी हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है अब सबकी नजर 30 मार्च की डेडलाइन पर टिकी है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment