विवेक अग्निहोत्री की नई फिल्म में दिखा 1946 का कोलकाता दंगा, अनुपम खेर बने गांधी

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

नई दिल्ली।निर्देशक विवेक अग्निहोत्री अपनी चर्चित “फाइल्स सीरीज” की अगली फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ लेकर आए हैं। ‘द ताशकंद फाइल्स’ और ‘द कश्मीर फाइल्स’ के बाद इस बार फिल्म पश्चिम बंगाल की उन दर्दनाक घटनाओं को उजागर करेगी, जिन्होंने 1946 में इतिहास का काला अध्याय लिखा था।

ट्रेलर ने मचाई सनसनी

आज फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ, जिसकी अवधि 3 मिनट 32 सेकंड है। ट्रेलर में खूनी दंगे, हिंसा और विभत्स घटनाओं के दृश्य दिखाए गए हैं। विवेक अग्निहोत्री ने इस फिल्म में भी ‘द कश्मीर फाइल्स’ की तरह दो अलग-अलग समय की कहानियों को एक साथ पिरोया है। एक तरफ 1946 के दंगों का मंजर है, तो दूसरी ओर मौजूदा समय में उन घटनाओं की जांच को दिखाया गया है।

महात्मा गांधी और जिन्ना के किरदार

ट्रेलर में महात्मा गांधी और मोहम्मद अली जिन्ना जैसे ऐतिहासिक पात्रों को भी दर्शाया गया है। खास बात यह है कि अनुपम खेर महात्मा गांधी का किरदार निभा रहे हैं। उनके लुक और डायलॉग्स ने दर्शकों का ध्यान खींचा है। साथ ही मिथुन चक्रवर्ती और पल्लवी जोशी की भी झलक दिखाई गई है।

1946 के दंगे और नरसंहार पर आधारित

फिल्म में मुख्य रूप से 1946 में हुए कोलकाता दंगे और नोआखाली नरसंहार को केंद्र में रखा गया है। ये घटनाएं भारतीय स्वतंत्रता संघर्ष के दौरान बेहद भयावह थीं। मेकर्स का कहना है कि फिल्म की घोषणा के बाद से ही उन्हें विरोध और धमकियों का सामना करना पड़ा है।

कास्ट और रिलीज डेट

फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, पल्लवी जोशी, अनुपम खेर और दर्शन कुमार प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। ये सभी कलाकार पहले ‘द कश्मीर फाइल्स’ का हिस्सा रह चुके हैं। ‘द बंगाल फाइल्स’ 5 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment