मुंबई। महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को कारण बताओ नोटिस भेजा है। तीनों पर आरोप है कि ‘विमल इलायची’ के विज्ञापन के जरिए राज्य में प्रतिबंधित ‘विमल पान मसाला’ का अप्रत्यक्ष प्रचार किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, FDA ने 11 अगस्त को तीनों अभिनेताओं को नोटिस जारी कर विज्ञापन में उनकी भूमिका को लेकर 15 दिन के भीतर जवाब और सफाई मांगी है।
FDA का कहना है कि विज्ञापन में ‘विमल’ नाम, प्रोडक्ट और डायलॉग का इस्तेमाल इस तरह किया गया है, जिससे ‘विमल’ ब्रांड का प्रचार होता नजर आता है।
चूंकि ‘विमल’ ब्रांड पान मसाला से भी जुड़ा हुआ है और राज्य में यह प्रतिबंधित है, इसलिए FDA को आशंका है कि ‘विमल इलायची’ के विज्ञापन की आड़ में पान मसाले का अप्रत्यक्ष प्रचार किया जा रहा है।
अब तीनों कलाकारों को नोटिस का जवाब देकर अपना पक्ष स्पष्ट करना होगा।





