वाराणसी।लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में रविवार सुबह सुरक्षा जांच के दौरान अचानक गोली चल गई। यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली में एयरपोर्ट के दो कर्मचारी घायल हो गए। महिला कर्मचारी के पैर में गोली लगी, जबकि एक गोली पुरुष कर्मचारी के हाथ को छूकर निकल गई। दोनों को इलाज के लिए कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के मुताबिक, आजमगढ़ निवासी 55 वर्षीय कमलेश राय एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से मुंबई जाने के लिए सुबह करीब पौने 10 बजे एयरपोर्ट पहुंचे थे। उनके पास लाइसेंसी पिस्टल थी। नियम के मुताबिक, यात्रा के दौरान पिस्टल को सील करके पायलट केबिन में रखा जाना था।
इसके लिए पिस्टल की मैगजीन को हथियार से अलग करना जरूरी था। इसी दौरान कमलेश राय मैगजीन निकाल रहे थे, तभी अचानक ट्रिगर दब गया और गोली चल गई।
गोली चलने से एयरपोर्ट के दो कर्मचारी घायल हो गए। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने यात्री को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं।






