बॉक्स ऑफिस पर इस समय एनिमेशन फिल्म ‘महावतार नरसिम्हा’ का जलवा बरकरार है। शुक्रवार को रिलीज हुई ‘उदयपुर फाइल्स’ और ‘अंदाज 2’ की शुरुआत बेहद धीमी रही। वहीं पुरानी रिलीज़ ‘सैयारा’, ‘सन ऑफ सरदार 2’ और ‘धड़क 2’ की रफ्तार भी थम चुकी है।

सन ऑफ सरदार 2
अजय देवगन की मल्टीस्टारर ‘सन ऑफ सरदार 2’ की कमाई में लगातार गिरावट आ रही है। शुक्रवार को फिल्म ने केवल 1.15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जबकि गुरुवार को 1.4 करोड़ रुपये कमाए थे। आठ दिनों में फिल्म का कुल कलेक्शन 34.15 करोड़ रुपये पर पहुंचा है।

धड़क 2
सिद्धांत चतुर्वेदी और तृप्ति डिमरी की ‘धड़क 2’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई। शुक्रवार को इसने मात्र 60 लाख रुपये कमाए। आठ दिनों में कुल कलेक्शन सिर्फ 17.30 करोड़ रुपये हुआ है, जिससे लगता है कि फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों से बाहर हो सकती है।

महावतार नरसिम्हा
अश्विन कुमार के निर्देशन में बनी ‘महावतार नरसिम्हा’ बॉक्स ऑफिस की सरप्राइज हिट साबित हो रही है। शुक्रवार को फिल्म ने 8 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जबकि गुरुवार को 5.35 करोड़ रुपये कमाए थे। महज़ 4 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने 15 दिनों में 126.25 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है।

सैयारा
अहान पांडे और अनीत पड्डा अभिनीत ‘सैयारा’ की रफ्तार अब धीमी पड़ चुकी है। शुक्रवार को फिल्म ने 1.65 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। 22 दिनों में कुल कमाई 310.40 करोड़ रुपये हो गई है।

किंगडम (साम्राज्य)
विजय देवरकोंडा की फिल्म ‘किंगडम’ (हिंदी में ‘साम्राज्य’) की शुरुआत अच्छी रही थी, लेकिन अब बॉक्स ऑफिस पर प्रदर्शन कमजोर हो गया है। शुक्रवार को 1 करोड़ रुपये की कमाई हुई। नौ दिनों में फिल्म का कुल कलेक्शन 48.40 करोड़ रुपये है।

उदयपुर फाइल्स
विवादों के बीच रिलीज हुई ‘उदयपुर फाइल्स’ ने ओपनिंग डे पर सिर्फ 27 लाख रुपये कमाए। फिल्म की कहानी 2022 में उदयपुर के दर्जी कन्हैया लाल की हत्या पर आधारित है। विजय राज इसमें मुख्य भूमिका में हैं।

अंदाज 2
सुनील दर्शन की ‘अंदाज 2’, जो 2003 की हिट ‘अंदाज’ का सीक्वल है, ने ओपनिंग डे पर केवल 12 लाख रुपये कमाए। इस फिल्म में नए कलाकारों को मौका दिया गया है।



