अहान पांडे और अनीत पड्डा की पहली फिल्म ‘सैयारा’ ने रिलीज के दसवें दिन भी बॉक्स ऑफिस पर अपना जलवा कायम रखा है। 18 जुलाई 2025 को रिलीज हुई इस रोमांटिक म्यूजिकल ड्रामा ने शुरुआत से ही दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
मोहित सूरी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में पहली बार स्क्रीन शेयर कर रही डेब्यू जोड़ी ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बना ली है। यशराज फिल्म्स के बैनर तले बनी ‘सैयारा’ लगभग 50-60 करोड़ के बजट में तैयार की गई थी, लेकिन इसने कमाई के मामले में बड़े सितारों की फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है।

पहले ही दिन किया था जोरदार आगाज
‘सैयारा’ ने अपने ओपनिंग डे पर 21.5 करोड़ रुपये का धमाकेदार कलेक्शन किया था। फिल्म ने चार दिनों के अंदर 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया और पहले हफ्ते में कुल 172.75 करोड़ की कमाई दर्ज की।

दूसरे हफ्ते में भी बरकरार जोश
दूसरे हफ्ते की शुरुआत में ही फिल्म ने 26.5 करोड़ की कमाई की। रविवार यानी दसवें दिन की कमाई की बात करें तो 23.47 करोड़ का शानदार कलेक्शन हुआ है।

भारत में कमाए 240 करोड़, वर्ल्डवाइड पार किए 326 करोड़
अब तक भारत में कुल 240.72 करोड़ का बिजनेस हो चुका है, वहीं वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो फिल्म ने अब तक 326.7 करोड़ की कमाई कर ली है।

साल की दूसरी सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर
‘सैयारा’ इस साल की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। पहले स्थान पर विक्की कौशल की पीरियड एक्शन ड्रामा ‘छावा’ है, जिसने वर्ल्डवाइड 797.34 करोड़ का कलेक्शन किया है।
बड़ी स्टारकास्ट भी रह गई पीछे
जहां आमिर खान, अक्षय कुमार और अजय देवगन जैसे सुपरस्टार्स की हालिया फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास नहीं कर पाईं, वहीं डेब्यू स्टारकास्ट वाली ‘सैयारा’ हर दिन नया रिकॉर्ड बना रही है। ‘सितारे जमीन पर’, ‘हाउसफुल 5’ और ‘रेड 2’ जैसी बड़ी फिल्में भी इसके सामने फीकी साबित हो रही हैं।







