बुधवार का दिन फिल्मों के लिए मिले-जुले नतीजे लेकर आया। कुछ फिल्मों ने अच्छी कमाई की, जबकि कई फिल्मों की कमाई में गिरावट देखने को मिली। आइए जानते हैं बुधवार को ‘जॉली एलएलबी 3’, ‘निशानची’, ‘मिराय’ और बाकी फिल्मों का बॉक्स ऑफिस हाल।

जॉली एलएलबी 3
अक्षय कुमार और अरशद वारसी की जोड़ी वाली फिल्म ‘जॉली एलएलबी 3’ ने शुरुआत में शानदार कलेक्शन किया था। मंगलवार को फिल्म ने 6.61 करोड़ रुपये कमाए थे, लेकिन बुधवार को इसका कलेक्शन घटकर 4.2 करोड़ रुपये रह गया। कुल मिलाकर इस फिल्म ने अब तक 69.7 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। वीकेंड के बाद फिल्म की रफ्तार कम हुई है, लेकिन दर्शकों का प्यार अभी भी मिल रहा है।

निशानची
अनुराग कश्यप की फिल्म ‘निशानची’ दर्शकों पर खास असर डालने में नाकाम रही है। पहले दिन 25 लाख रुपये कमाने वाली इस फिल्म ने मंगलवार को 6 लाख और बुधवार को सिर्फ 5 लाख रुपये कमाए। अब तक कुल कलेक्शन सिर्फ 1.16 करोड़ रुपये रहा है।

मिराय
साउथ के एक्टर तेजा सज्जा की फिल्म ‘मिराय’ दर्शकों को काफी पसंद आ रही है। 11 सितंबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने ओपनिंग डे पर 13 करोड़ रुपये कमाए थे। बुधवार को फिल्म ने 1.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया। 13 दिनों में इसका कुल कलेक्शन 84.5 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। फिल्म में मांचू मनोज खलनायक की भूमिका में नजर आए हैं।

डेमन स्लेयर
जापानी एनिमे फिल्म ‘डेमन स्लेयर’ को भारतीय दर्शकों ने खूब सराहा। 12.85 करोड़ रुपये की ओपनिंग करने वाली इस फिल्म ने बुधवार को 64 लाख रुपये कमाए। अब तक कुल कलेक्शन 64.84 करोड़ रुपये रहा है।

लोका चैप्टर 1
मलयालम सिनेमा की सबसे बड़ी हिट बनी ‘लोका चैप्टर 1’ का जलवा अभी भी बरकरार है। बुधवार को फिल्म ने 1 करोड़ रुपये कमाए। 28 दिन के सफर में इसने कुल 141.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है।



