राजस्थान के बहुचर्चित कन्हैया लाल हत्याकांड पर आधारित फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ अब 8 अगस्त 2025 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। पहले यह फिल्म 11 जुलाई को रिलीज होने वाली थी, लेकिन सेंसरशिप और अदालत में चल रहे विवादों के कारण इसकी रिलीज टाल दी गई थी।
निर्देशक भरत श्रीनेत ने बताया कि फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से मंजूरी मिलने के बावजूद, दिल्ली हाई कोर्ट में एक याचिका दायर कर इसकी रिलीज पर रोक लगाने की मांग की गई थी। याचिका में कहा गया कि यह फिल्म देश में सांप्रदायिक तनाव फैला सकती है और सार्वजनिक शांति को भंग कर सकती है।
हालांकि अब सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद यह मामला हल हुआ और नई रिलीज डेट की घोषणा कर दी गई है।
निर्देशक ने कहा, “हम कानून का पूरा सम्मान करते हैं और 8 अगस्त को फिल्म को दुनिया के सामने लाने के लिए तैयार हैं। ‘उदयपुर फाइल्स’ सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि एक सच्ची घटना पर आधारित दस्तावेज़ है, जिसे लोग जानना चाहते हैं।”

फिल्म की कहानी साल 2022 में उदयपुर में टेलर कन्हैया लाल की हुई हत्या पर आधारित है। कहा गया कि उन्होंने भाजपा नेता नूपुर शर्मा के समर्थन में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की थी, जिसके बाद उनकी निर्मम हत्या कर दी गई थी।
इस फिल्म में अभिनेता विजय राज मुख्य भूमिका में हैं और अमित जानी इसके निर्माता हैं।
निर्माता कंपनी जानी फायरफॉक्स फिल्म्स ने बताया कि फिल्म के प्रचार की शुरुआत जल्द की जाएगी।



