मुंबई। 14 अगस्त को एक साथ रिलीज हुई दो बड़ी फिल्में — सुपरस्टार रजनीकांत की ‘कुली’ और ऋतिक रोशन-जूनियर एनटीआर की ‘वॉर 2’ — अब अपने तीसरे हफ्ते में पहुंच चुकी हैं। जहां ‘कुली’ अभी भी शानदार कमाई कर रही है, वहीं ‘वॉर 2’ की रफ्तार अब थम सी गई है। 17वें दिन शनिवार को दोनों फिल्मों की कमाई के शुरुआती आंकड़े सामने आ गए हैं।

‘वॉर 2’ की कमाई लाखों तक घटी
अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी ‘वॉर 2’ ने पहले दिन 52 करोड़ और दूसरे दिन 57.85 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था। सिर्फ पहले हफ्ते में ही फिल्म ने 204.25 करोड़ रुपये का आंकड़ा छू लिया था। हालांकि, दूसरे हफ्ते से कलेक्शन में गिरावट दर्ज हुई और फिल्म ने केवल 27 करोड़ रुपये कमाए। 16वें दिन ‘वॉर 2’ ने 65 लाख रुपये का कलेक्शन किया, जबकि 17वें दिन शनिवार को शुरुआती आंकड़ों के अनुसार इसकी कमाई सिर्फ 54 लाख रुपये रही। अब तक फिल्म का कुल कारोबार 232.44 करोड़ रुपये है। 250 करोड़ क्लब में शामिल होना इसके लिए मुश्किल साबित हो रहा है।

‘कुली’ का जलवा कायम
रजनीकांत की 50 साल की सिनेमाई यात्रा के जश्न पर रिलीज हुई फिल्म ‘कुली’ बॉक्स ऑफिस पर अभी भी मजबूत पकड़ बनाए हुए है। पहले दिन इसने 65 करोड़ रुपये की जोरदार ओपनिंग ली थी। पहले हफ्ते का टोटल कलेक्शन 229.65 करोड़ और दूसरे हफ्ते में 41.85 करोड़ रहा। 16वें दिन फिल्म ने 1.7 करोड़ रुपये कमाए थे। वहीं 17वें दिन शनिवार को शुरुआती आंकड़ों के अनुसार ‘कुली’ ने 1.81 करोड़ रुपये का बिजनेस किया। इसके साथ ही फिल्म का कुल कलेक्शन 275.01 करोड़ रुपये हो चुका है।

300 करोड़ क्लब की ओर ‘कुली’
जहां ‘वॉर 2’ का सफर 250 करोड़ तक भी मुश्किल नजर आ रहा है, वहीं ‘कुली’ अब सीधे 300 करोड़ क्लब की ओर बढ़ रही है। फिल्म में रजनीकांत के अलावा नागार्जुन, उपेंद्र, आमिर खान, सत्यराज और श्रुति हासन जैसे सितारों की मौजूदगी भी इसे दर्शकों के बीच लोकप्रिय बना रही है।








