रायपुर से एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जहां स्टेट GST विभाग ने टैक्स चोरी के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। शहर के भैंसथान इलाके में स्थित अन्नपूर्णा कॉम्प्लेक्स में GST टीम ने एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की।
जानकारी के मुताबिक, विभाग की करीब 10 सदस्यीय टीम ने लक्ष्मी कमर्शियल और SRS ट्रेडर्स से जुड़े कुल चार ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। यह कार्रवाई टैक्स चोरी और बोगस बिलिंग की शिकायत मिलने के बाद की गई।
रेड के दौरान अधिकारियों को बड़ी मात्रा में संदिग्ध दस्तावेज मिले हैं। इनमें फर्जी बिल, ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस शामिल हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। अब इन सभी दस्तावेजों और डिजिटल डेटा की बारीकी से जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में बड़े स्तर पर GST चोरी के संकेत मिले हैं। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की सच्चाई दस्तावेजों की विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएगी। फिलहाल जांच जारी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।







