आंध्र प्रदेश में बस–ट्रक का भीषण हादसा, 10 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम इलाके में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। रायवरम के पास एक निजी ट्रैवल्स बस और टिपर ट्रक के बीच हुई जोरदार टक्कर के बाद बस में अचानक आग लग गई और कुछ ही मिनटों में पूरा वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया। हादसा इतना भयावह था कि कई यात्रियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया।

पुलिस के अनुसार इस दर्दनाक घटना में 10 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि बस का संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते उसमें आग भड़क उठी।

जानकारी के मुताबिक बस निर्मल से नेल्लोर की ओर जा रही थी और यह हादसा खदान क्षेत्र के पास हुआ, जहां भारी वाहनों की आवाजाही आम बात है। घटना के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के बाद राहत-बचाव कार्य को तेज किया गया।

इस हादसे पर राज्य के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच के आदेश जारी किए हैं। प्रशासन का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment