IndiGo के CEO पीटर एलबर्स ने दिया इस्तीफा, नए CEO की तलाश शुरू

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी IndiGo में बड़ा प्रशासनिक बदलाव देखने को मिला है। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पीटर एल्बर्स ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने आज हुई बैठक में उनके इस्तीफे को स्वीकार कर लिया।

कंपनी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, पीटर एलबर्स को आज कार्यदिवस समाप्त होने के बाद उनकी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया है। उनके जाने के बाद फिलहाल इंडिगो के को-फाउंडर और मैनेजिंग डायरेक्टर राहुल भाटिया कंपनी के संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे।

निजी कारणों का दिया हवाला

पीटर एलबर्स ने अपने इस्तीफे में व्यक्तिगत कारणों का उल्लेख किया है। उन्होंने राहुल भाटिया को लिखे पत्र में अनुरोध किया कि उनका नोटिस पीरियड समाप्त कर उन्हें तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया जाए।

ऑपरेशनल संकट के बाद बढ़ा दबाव

पीटर एलबर्स ने सितंबर 2022 में इंडिगो के CEO का पद संभाला था। हालांकि, पिछले वर्ष दिसंबर में एयरलाइन को गंभीर ऑपरेशनल संकट का सामना करना पड़ा था। उस दौरान बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द हुईं और कई फ्लाइट्स में देरी हुई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हुई और कंपनी की छवि को नुकसान पहुंचा।

रिपोर्ट्स के अनुसार, इस संकट के कारण एयरलाइन को करीब ₹2000 करोड़ का आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा था। इसके बाद से ही कंपनी के प्रबंधन और CEO के बीच मतभेदों की चर्चा होने लगी थी।

इसके अलावा एविएशन रेगुलेटर Directorate General of Civil Aviation ने भी ऑपरेशनल गड़बड़ियों को लेकर इंडिगो पर ₹22.20 करोड़ का जुर्माना लगाया था।

नए CEO की तलाश शुरू

पीटर एलबर्स के इस्तीफे के बाद इंडिगो ने नए पूर्णकालिक CEO की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल राहुल भाटिया अंतरिम तौर पर कंपनी के ऑपरेशन्स की निगरानी करेंगे।

मार्केट में अग्रणी एयरलाइन होने के कारण इंडिगो के लिए यह नेतृत्व परिवर्तन अहम माना जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब कंपनी अपने अंतरराष्ट्रीय विस्तार की रणनीति पर तेजी से काम कर रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment