“‘खरगे ने पीएम मोदी को बताया आतंकवादी’, अब सफाई देकर संभालने की कोशिश”

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के एक बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर तीखी टिप्पणी कर दी। इस बयान के सामने आते ही राजनीतिक माहौल गरमा गया और विरोधी दलों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी।

दरअसल, चेन्नई में मीडिया से बातचीत के दौरान खरगे AIADMK के भाजपा के साथ गठबंधन पर सवाल उठा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कहा कि अन्नादुरई के आदर्शों की बात करने वाली पार्टी कैसे पीएम मोदी के साथ जा सकती है। उनकी इसी टिप्पणी में “आतंकवादी” शब्द के इस्तेमाल को लेकर विवाद शुरू हो गया।

खरगे ने आगे एमके स्टालिन की तारीफ करते हुए कहा कि देश को ऐसे नेताओं की जरूरत है जो भाजपा के सामने झुकें नहीं, बल्कि मजबूती से खड़े होकर मुकाबला करें। उन्होंने AIADMK पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी अपनी पहचान खो चुकी है और अब वह भाजपा की “मूक सहयोगी” बन गई है, जो तमिलनाडु के हितों की रक्षा करने में सक्षम नहीं है।

हालांकि बयान पर बवाल बढ़ने के बाद खरगे ने तुरंत सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनका मकसद प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहना नहीं था, बल्कि वे यह कहना चाहते थे कि केंद्र सरकार की नीतियों और एजेंसियों के जरिए राजनीतिक दलों और नेताओं को “डराने-धमकाने” का काम किया जा रहा है। उन्होंने ED, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट और CBI का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इन संस्थाओं का इस्तेमाल दबाव बनाने के लिए हो रहा है।

खरगे ने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री का राष्ट्र को संबोधन आचार संहिता का उल्लंघन है और भारत के निर्वाचन आयोग निष्पक्ष भूमिका नहीं निभा रहा। उन्होंने मतदाता सूची, डिलिमिटेशन और अन्य चुनावी प्रक्रियाओं पर भी सवाल उठाए।

वहीं भाजपा ने इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री का अपमान करने की एक और कड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस बार-बार इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रही है और जनता के चुने हुए नेता का सम्मान नहीं कर रही।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment