कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में चोरों ने गरीबों के हक पर ही डाका डाल दिया। पिपरिया थाना क्षेत्र के बानो गांव में स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने दुकान का ताला तोड़कर करीब 53 कट्टा यानी लगभग 26 क्विंटल सरकारी चावल और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा चोरी कर लिया। चोरी हुए सामान की कीमत करीब 75 हजार रुपये से अधिक आंकी जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना बीती रात की बताई जा रही है। चोरों ने पहले राशन दुकान का ताला तोड़ा और अंदर रखे सरकारी चावल के बोरे और इलेक्ट्रॉनिक कांटा लेकर फरार हो गए।
सुबह जब रोज की तरह सोसायटी संचालक दुकान खोलने पहुंचे, तो उन्हें दुकान का ताला टूटा मिला और अंदर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था। जब उन्होंने स्टॉक की जांच की, तो पता चला कि 53 कट्टा चावल और इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा गायब है।
घटना की जानकारी मिलते ही संचालक ने तुरंत संबंधित विभाग और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार की अन्नपूर्णा योजना के तहत गरीब परिवारों को मुफ्त चावल उपलब्ध कराया जाता है, ताकि कोई भी जरूरतमंद भूखा न रहे। लेकिन बानो गांव में हुई इस चोरी की घटना ने ग्रामीणों में नाराजगी पैदा कर दी है, क्योंकि चोर सीधे तौर पर गरीबों के हिस्से का राशन ही उठा ले गए।



