नीतीश के बाद कौन? बेटे निशांत की JDU में एंट्री से बिहार की राजनीति में हलचल

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

पटना: बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू होता दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने औपचारिक रूप से जनता दल (United) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। उनकी इस एंट्री को लेकर राज्य की सियासत में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

पार्टी में शामिल होने के बाद निशांत कुमार ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अपने पिता के कामों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों में नीतीश कुमार ने बिहार के विकास के लिए जो कार्य किए हैं, उन्हें वे जनता तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।

निशांत कुमार ने कहा कि वह पार्टी के एक सक्रिय सदस्य के रूप में काम करेंगे और संगठन को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएंगे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भरोसा बनाए रखें और पूरे जोश के साथ पार्टी को आगे बढ़ाने में सहयोग करें।

दरअसल, हाल ही में नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने का फैसला लिया है और इसके लिए नामांकन भी दाखिल कर दिया है। इसके बाद पार्टी के भीतर यह चर्चा तेज हो गई थी कि नेतृत्व की अगली पंक्ति को तैयार किया जाए। इसी कड़ी में निशांत कुमार की सक्रिय राजनीति में एंट्री को अहम माना जा रहा है।

पार्टी में शामिल होने के दौरान जेडीयू के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सदस्यता लेने के बाद अब निशांत कुमार राज्यभर का दौरा करेंगे और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित करेंगे।

राजनीतिक हलकों में यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि भविष्य में उन्हें पार्टी या सरकार में कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा सकती है। यहां तक कि कुछ चर्चाओं में उन्हें बिहार के उपमुख्यमंत्री पद के संभावित चेहरे के तौर पर भी देखा जा रहा है।

अगर ऐसा होता है तो यह कदम बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव ला सकता है और जेडीयू के भीतर नई पीढ़ी के नेतृत्व की शुरुआत मानी जाएगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment