बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के एक और युवा ने अंतरिक्ष की उड़ान भरने को तैयार हैं। पेंड्रा निवासी राजशेखर पैरी को अमेरिका की निजी स्पेस एजेंसी टाइटंस स्पेस इंडस्ट्रीज ने अपने पहले मिशन के लिए चुना है। इस खबर ने न सिर्फ उनके परिवार और राज्य को गर्वित किया है, बल्कि एक बार फिर भारत का नाम वैश्विक स्तर पर रोशन किया है।
राजशेखर ने अपनी शुरुआती पढ़ाई बिलासपुर से की और फिर हैदराबाद से ग्रेजुएशन के बाद यूके का रुख किया। उन्होंने ऑक्सफोर्ड स्कूल से भी शिक्षा ली है और वर्तमान में वे एयरोस्पेस व मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई के साथ-साथ ऑर्बिटालॉकर में प्रोजेक्ट मैनेजर के रूप में कार्यरत हैं।
बचपन से विज्ञान में गहरी रुचि रखने वाले राजशेखर ने अंतरिक्ष से जुड़ी बारीकियों को समझने के लिए पोलैंड से एनालॉग स्पेस ट्रेनिंग प्राप्त की, जिसमें उन्हें स्पेस में जीवनशैली, कार्य प्रणाली और आपातकालीन स्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण मिला।
राजशेखर के अनुसार, इस मिशन में उनका मुख्य कार्य अनुसंधान और तकनीकी विकास से जुड़ा रहेगा। वे यह जानने का प्रयास करेंगे कि स्पेस में कौन-कौन से वैज्ञानिक प्रयोग संभव हैं और उन्हें कैसे आगे बढ़ाया जा सकता है।



