रायपुर/जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जल संसाधन विभाग में वायरल ऑडियो विवाद के बाद सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है। हसदेव नहर जल प्रबंध संभाग, जांजगीर में पदस्थ कार्यपालन अभियंता (EE) शशांक सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर एक ऑडियो तेजी से वायरल हुआ था। बताया जा रहा है कि इसमें अधिकारी और वाहन चालक के बीच तीखी बातचीत सुनाई दे रही थी। ऑडियो में कथित तौर पर अभद्र भाषा और वरिष्ठ अधिकारियों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां भी सामने आई थीं, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया।
मामले को गंभीर मानते हुए जांजगीर-चांपा कलेक्टर से जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में शुरुआती तौर पर सेवा आचरण नियमों के उल्लंघन की बात सामने आने के बाद राज्य शासन ने कार्रवाई करते हुए शशांक सिंह को सस्पेंड कर दिया।

जारी आदेश के मुताबिक, यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 और वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील नियम 1966 के तहत की गई है। निलंबन के दौरान उनका मुख्यालय प्रमुख अभियंता कार्यालय, शिवनाथ भवन, नया रायपुर तय किया गया है।
सरकारी आदेश में यह भी कहा गया है कि निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। आदेश जल संसाधन विभाग के उप सचिव रविंद्र कुमार मेढेकर की ओर से जारी किया गया है।



