अहमदाबाद:टी20 विश्व कप 2026 अब अपने अंतिम और सबसे रोमांचक चरण में पहुंच गया है। रविवार 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। इस बड़े मैच से पहले दर्शकों के लिए एक शानदार क्लोजिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया है, जिसमें विश्व प्रसिद्ध पॉप सिंगर रिकी मार्टिन अपनी प्रस्तुति से समां बांधेंगे।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने शुक्रवार को इस कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा की। क्रिकेट के साथ-साथ संगीत और मनोरंजन का यह संगम फैंस के लिए खास अनुभव बनने वाला है।
फाइनल से पहले होगा शानदार क्लोजिंग सेरेमनी
आईसीसी के मुताबिक, फाइनल मैच से पहले होने वाले समापन समारोह में रिकी मार्टिन स्टेज पर परफॉर्म करेंगे। लैटिन पॉप म्यूजिक के लिए दुनिया भर में मशहूर रिकी मार्टिन अपनी ऊर्जा भरी प्रस्तुति और दमदार आवाज के लिए जाने जाते हैं। उनके प्रदर्शन से स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों को एक यादगार अनुभव मिलने की उम्मीद है।
किस समय शुरू होगा कार्यक्रम
आईसीसी ने बताया कि फाइनल मुकाबले के दिन स्टेडियम के गेट दोपहर 3:30 बजे से दर्शकों के लिए खोल दिए जाएंगे। वहीं क्लोजिंग सेरेमनी और रिकी मार्टिन का परफॉर्मेंस भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे शुरू होगा। इसके बाद भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मैच खेला जाएगा।
आईसीसी ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
आईसीसी ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर लिखा कि टी20 विश्व कप का फाइनल और भी भव्य होने जा रहा है। संस्था ने कहा कि ग्लोबल सुपरस्टार रिकी मार्टिन फाइनल से पहले होने वाले क्लोजिंग सेरेमनी के मुख्य आकर्षण होंगे और फैंस के लिए यह एक शानदार शो होगा।
लगातार दूसरे खिताब पर भारत की नजर
भारतीय टीम इस टूर्नामेंट के फाइनल में लगातार दूसरी बार पहुंची है। इससे पहले टीम इंडिया ने 2024 टी20 विश्व कप में रोहित शर्मा की कप्तानी में खिताब जीता था।
भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया।
अगर भारतीय टीम इस फाइनल में जीत दर्ज करती है तो वह लगातार दो बार टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बन जाएगी।
वहीं न्यूजीलैंड की टीम दूसरी बार टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंची है। इससे पहले उसने 2021 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल खेला था, लेकिन उस मुकाबले में उसे हार का सामना करना पड़ा था।



