कुख्यात कारोबारी और यौन अपराधों के आरोपी रहे जेफरी एपस्टिन से जुड़ी फाइलों में एक बार फिर चौंकाने वाले दावे सामने आए हैं। हाल ही में सामने आए एक साक्षात्कार में एक महिला ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि किशोरावस्था के दौरान उसका यौन उत्पीड़न किया गया था, जिसमें अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम भी सामने आया है।
हालांकि, व्हाइट हाउस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें पूरी तरह निराधार और झूठा बताया है। वहीं इस खुलासे के बाद अमेरिका की राजनीति में एक बार फिर बहस और आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।
किशोरावस्था में शोषण का दावा
महिला ने जांच एजेंसियों को दिए बयान में कहा कि जब उसकी उम्र लगभग 13 से 15 वर्ष के बीच थी, तब एपस्टीन उसे एक बार न्यूयॉर्क या न्यू जर्सी ले गया था। वहां एक बड़े भवन में उसकी मुलाकात डोनाल्ड ट्रंप से कराई गई।
महिला के अनुसार, कथित घटना से पहले ट्रंप ने कमरे में मौजूद अन्य लोगों को बाहर जाने को कहा। उसने बताया कि उसने खुद को बचाने के लिए ट्रंप को काट लिया था, जिसके बाद कमरे में अन्य लोग वापस आ गए। महिला का यह भी दावा है कि बाद में ट्रंप उससे दो बार और मिले, हालांकि उसने उन मुलाकातों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी।
ट्रंप और एपस्टीन के बीच कथित ब्लैकमेल की चर्चा
अपने बयान में महिला ने यह भी कहा कि उसने एपस्टीन और ट्रंप के बीच हुई बातचीत सुनी थी। उसके मुताबिक दोनों के बीच ब्लैकमेल से जुड़े मामलों पर चर्चा हुई थी।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि बातचीत में कैसिनो के जरिए पैसों की हेराफेरी जैसे मुद्दों का जिक्र किया गया था और एपस्टीन के ब्लैकमेल नेटवर्क के बारे में कुछ करीबी लोगों को जानकारी थी।
दोनों के रिश्तों में तनाव का दावा
महिला ने अपने बयान में यह भी कहा कि उसे दोनों के बीच कई बार तनाव का माहौल महसूस हुआ। उसके मुताबिक, ट्रंप कभी-कभी एपस्टीन से ईर्ष्या करते दिखते थे, हालांकि सार्वजनिक रूप से दोनों सामान्य व्यवहार करते थे।
गवाही में यह भी दावा किया गया कि लड़कियों के बारे में बातचीत करते समय कथित तौर पर कुछ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया जाता था।
अश्लील तस्वीरों से ब्लैकमेल का आरोप
महिला ने एपस्टीन पर आरोप लगाया कि उसने उसके साथ हुए यौन संबंधों के दौरान उसकी अश्लील तस्वीरें खींचीं और बाद में उन्हीं तस्वीरों के आधार पर उसकी मां को ब्लैकमेल किया।
महिला के अनुसार, एपस्टीन और उसका सहयोगी जिम एटकिंस तस्वीरों को सार्वजनिक करने की धमकी देते थे। इस दबाव में उसकी मां को एक रियल एस्टेट कंपनी से पैसे निकालकर उन्हें देना पड़ा, जिसके कारण बाद में उसकी मां को जेल भी जाना पड़ा।
एपस्टीन के नेटवर्क को लेकर भी गंभीर आरोप
महिला ने यह भी दावा किया कि एपस्टीन ने उसके साथ कई बार यौन शोषण किया। उसने कहा कि कई बार इन मुलाकातों के दौरान अन्य अमीर और प्रभावशाली लोग भी मौजूद रहते थे।
उसके अनुसार, कई बार उसे नशा दिया जाता था और कुछ मौकों पर नई लड़कियों को इस नेटवर्क में लाने के लिए भी दबाव बनाया जाता था।



