बिलासपुर एयरपोर्ट पर पहली नाइट लैंडिंग सफल

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित बिलासा एयरपोर्ट ने विकास की दिशा में एक अहम पड़ाव पार कर लिया है। एयरपोर्ट पर पहली बार सफलतापूर्वक नाइट लैंडिंग ट्रायल किया गया। छत्तीसगढ़ शासन के स्टेट प्लेन ने रात के समय रनवे पर सुरक्षित लैंडिंग कर यह साबित कर दिया कि अब बिलासपुर भी 24 घंटे हवाई सेवाओं की ओर बढ़ रहा है।

इस परीक्षण के दौरान रनवे लाइटिंग सिस्टम, एप्रोच लाइट्स, एयर ट्रैफिक समन्वय और सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों के अनुसार सभी तकनीकी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। इससे साफ है कि अब नियमित नाइट ऑपरेशन शुरू होने का रास्ता लगभग तैयार है।

 अब रात में भी उड़ान संभव

नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू होने के बाद खराब मौसम या कम विजिबिलिटी में भी फ्लाइट संचालन संभव हो सकेगा। इससे यात्रियों को ज्यादा उड़ानों का विकल्प मिलेगा और बिलासपुर की कनेक्टिविटी देश के अन्य शहरों से मजबूत होगी। व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिहाज से भी यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

ट्रायल के दौरान एयरपोर्ट डायरेक्टर, रायपुर के क्षेत्रीय नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो के अधिकारी और तकनीकी टीम मौजूद रही। सभी ने इस सफलता को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।

 हाईकोर्ट ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट

इधर, बिलासा एयरपोर्ट में हवाई सेवाओं से जुड़ी जनहित याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने निर्देश दिया है कि नाइट लैंडिंग समेत एयरपोर्ट पर शुरू किए जा रहे सभी कार्यों की विस्तृत जानकारी दस्तावेजों के साथ पेश की जाए। अगली सुनवाई 25 फरवरी को तय की गई है।

 VFR से IFR तक का सफर

हाल ही में एयरपोर्ट को VFR (Visual Flight Rules) से IFR (Instrument Flight Rules) कैटेगरी में अपग्रेड किया गया है। इसी अपग्रेड के बाद यह नाइट ट्रायल संभव हो पाया। विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव बिलासपुर को छत्तीसगढ़ के प्रमुख एविएशन हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम है।

नाइट लैंडिंग की इस ऐतिहासिक सफलता से अब उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही फ्लाइट्स की संख्या बढ़ेगी और यात्रियों को बेहतर और तेज हवाई सुविधा मिल सकेगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment