कवर्धा। कबीरधाम जिले से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जिसने इंसानियत पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां कुछ नाबालिग बच्चों को सिर्फ 5 से 6 हजार रुपए में बेचने का आरोप लगा है। हैरानी की बात यह है कि इस मामले में बच्चों के माता-पिता की भूमिका भी सामने आ रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को खबर मिली थी कि कुछ लोग गांव के नाबालिग बच्चों को बाहर ले जाकर उनसे काम करा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
कार्रवाई के दौरान 6 नाबालिग बच्चों को छुड़ाया गया। पुलिस के मुताबिक बच्चों से मजदूरी कराई जा रही थी। शुरुआती जांच में पता चला है कि बच्चों को बहुत कम पैसों में दूसरे लोगों को सौंप दिया गया था।
इस मामले में दिए गए एक आवेदन में चेतन यादव और रवि यादव पर बैगा समाज के नाबालिग बच्चों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया गया है। आवेदन में कहा गया है कि बच्चों को गांव से दूर ले जाकर काम कराया गया और बदले में उनके परिवार वालों को पैसे दिए गए।
फिलहाल सभी बच्चों को सुरक्षित रखा गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, ताकि इस काम में शामिल बाकी लोगों का भी पता लगाया जा सके। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।



