रायपुर। छत्तीसगढ़ में फिल्म इंडस्ट्री को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य में 400 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक फिल्म सिटी का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फिल्म सिटी और आदिवासी कन्वेंशन सेंटर परियोजना का विधिवत भूमि पूजन किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लंबे समय से फिल्म सिटी की मांग की जा रही थी, जो अब साकार होने जा रही है। उन्होंने बताया कि यह परियोजना छत्तीसगढ़ के कलाकारों, फिल्म निर्माताओं और मीडिया जगत से जुड़े लोगों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगी।
सीएम साय ने कहा कि आने वाले दो वर्षों में यहां एक आधुनिक, सुविधाओं से लैस फिल्म सिटी विकसित की जाएगी, जिससे राज्य में फिल्म निर्माण को नई पहचान मिलेगी। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलेगा और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
यह फिल्म सिटी लगभग 93 एकड़ भूमि में विकसित की जाएगी। परियोजना को दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में राज्य सरकार द्वारा विकास कार्य कराए जाएंगे, जिसके लिए 150 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि यह फिल्म सिटी छत्तीसगढ़ को फिल्म निर्माण के एक नए हब के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगी और राज्य की सांस्कृतिक पहचान को भी राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिलेगी।







