नई दिल्ली।अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप 1xBet से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच लगातार तेज होती जा रही है। इस मामले में अब क्रिकेट जगत, फिल्म इंडस्ट्री और राजनीति से जुड़ी कई चर्चित हस्तियों के नाम सामने आए हैं। ईडी ने ताजा कार्रवाई में करीब 7.93 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की हैं, जबकि अब तक जब्त की गई कुल संपत्ति का आंकड़ा 19 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुका है। सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी आने वाले दिनों में और भी बड़े नामों को पूछताछ के दायरे में ला सकती है।
ईडी की जांच में यह सामने आया है कि अवैध सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म से जुड़े कथित वित्तीय लेन-देन में कई पूर्व क्रिकेटर, फिल्म अभिनेता और सार्वजनिक हस्तियां शामिल हैं। जिन लोगों की संपत्तियां जब्त की गई हैं, उनमें पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह, रॉबिन उथप्पा, अभिनेता सोनू सूद, अभिनेत्री उर्वशी रौतेला, नेहा शर्मा, तृणमूल कांग्रेस की पूर्व सांसद और अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती और अंकुश हजारा के नाम शामिल हैं। ईडी का दावा है कि इन सभी के खातों और लेन-देन की गहन जांच की गई है।
जांच एजेंसी के अनुसार, युवराज सिंह की करीब 2.5 करोड़ रुपये, रॉबिन उथप्पा की 8.26 लाख रुपये, उर्वशी रौतेला की 2.02 करोड़ रुपये (जो उनकी मां के नाम पर दर्ज हैं), सोनू सूद की 1 करोड़ रुपये, मिमी चक्रवर्ती की 59 लाख रुपये, अंकुश हजारा की 47.20 लाख रुपये और नेहा शर्मा की 1.26 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की गई हैं। यह कार्रवाई गुरुवार को की गई।
इससे पहले भी ईडी 1xBet से जुड़े मामले में कई बड़े नामों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। जांच एजेंसी ने क्रिकेटर शिखर धवन से संबंधित 4.55 करोड़ रुपये और पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुरेश रैना से जुड़े 6.64 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की थीं। ताजा कार्रवाई के बाद इस केस में कुल अटैच संपत्ति का मूल्य 19.07 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
ईडी की जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपित सेलिब्रिटीज ने जानबूझकर अपने एजेंट्स के माध्यम से विदेशी कंपनियों के साथ विज्ञापन और प्रमोशनल समझौते किए थे। इन समझौतों के जरिए 1xBet को प्रमोट किया गया और बदले में विदेशी स्रोतों से भुगतान लिया गया। जांच एजेंसी का आरोप है कि यह भुगतान अवैध सट्टेबाजी से हुई कमाई से जुड़ा था, जिसे छिपाने के लिए मल्टी-लेयर और जटिल ट्रांजैक्शन का सहारा लिया गया।
जांच में यह बात भी सामने आई है कि 1xBet भारत में बिना वैध अनुमति के संचालित हो रहा था। कंपनी ने सोशल मीडिया, ऑनलाइन वीडियो प्लेटफॉर्म और प्रिंट मीडिया के जरिए सरोगेट ब्रांडिंग का इस्तेमाल कर भारतीय यूजर्स को निशाना बनाया। विदेशी बिचौलियों के जरिए किए गए भुगतान का उद्देश्य अवैध फंड के स्रोत को छिपाना था। ईडी के मुताबिक, इस पूरे नेटवर्क की जांच अभी जारी है और आने वाले समय में कई अन्य चर्चित नाम भी जांच के दायरे में आ सकते हैं।



