नवा रायपुर में आयोजित तीन दिवसीय DGP–IG कॉन्फ्रेंस आज एक नए चरण में प्रवेश करेगी, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल आज रायपुर पहुँचने वाले हैं। दोनों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने राजधानी और नवा रायपुर क्षेत्र को हाई अलर्ट पर रखा है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार रात ही रायपुर पहुँच चुके हैं, जबकि प्रधानमंत्री मोदी आज देर शाम रायपुर आएंगे। पीएम के लिए नए स्पीकर हाउस M-1 और केंद्रीय गृह मंत्री के लिए M-11 आवास में विशेष प्रोटोकॉल के तहत सुरक्षा व्यवस्था की गई है। वहीं NSA अजीत डोभाल भी आज रायपुर पहुँचकर सम्मेलन में शामिल होंगे।
सम्मेलन के दौरान देश की आंतरिक सुरक्षा, खुफिया तंत्र को मजबूत करने और भविष्य की रणनीतियों पर उच्च स्तरीय चर्चाएँ होंगी। करीब 600 से अधिक अधिकारी और VIP इस राष्ट्रीय सम्मेलन का हिस्सा बन रहे हैं।
वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए नवा रायपुर में भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लागू कर दिया गया है। माना एयरपोर्ट से IIM तक जाने वाले सभी मुख्य मार्गों पर अतिरिक्त फोर्स तैनात है। एयरपोर्ट का आमतौर पर इस्तेमाल होने वाला आगमन गेट तीन दिनों के लिए आम यात्रियों के लिए बंद कर दिया गया है और यात्री अब गेट नं. 2 से प्रवेश कर सकेंगे।



