श्रद्धालुओं से भरी माजदा पलटी, 27 घायल

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बलौदा बाजार।छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी माजदा वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में महिला और बच्चों समेत 27 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। वहीं, सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दो महिलाओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, हादसा कसडोल थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-130 बी पर हुआ। माजदा वाहन में 30 से ज्यादा श्रद्धालु सवार थे। सभी बेमेतरा जिले के मुरकुटा नांदघाट गांव से गिरौदपुरी धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। गुरुवार सुबह सेल और छांछी के बीच मोड़ के पास अचानक वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और माजदा सड़क पर पलट गई।

हादसे के बाद मची चीख-पुकार

वाहन के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में कई लोगों को चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों के जरिए कसडोल CHC पहुंचाया गया।

दो महिलाओं के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बाकी घायलों का उपचार कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।

जांच में जुटी पुलिस

हादसे की सूचना मिलते ही कसडोल पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment