महासमुंद, 11 नवम्बर 2025।छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा के सत्याग्रही किसानों की लगातार लड़ाई आखिरकार रंग लाई। गैर औद्योगिक क्षेत्र में संचालित करणी कृपा पावर प्राइवेट लिमिटेड और नूतन आयरन एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड जैसी अवैध कंपनियों के खिलाफ अब प्रशासन हरकत में आ गया है। नगर एवं ग्राम निवेश विभाग महासमुंद ने इन दोनों कंपनियों को चार दिन के भीतर समस्त एनओसी और दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
सत्याग्रही किसानों ने आरोप लगाया कि इन कंपनियों ने करोड़ों की शासकीय भूमि, आदिवासी किसानों की काबिल-कास्त ज़मीन, सिंचाई विभाग की नहर भूमि, वन भूमि और राष्ट्रीय राजमार्ग के हिस्से पर अवैध कब्जा कर रखा है। किसानों का कहना है कि यह न सिर्फ़ आर्थिक भ्रष्टाचार है, बल्कि किसानों की आजीविका और पर्यावरण के लिए भी खतरा है।
जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान किसान प्रतिनिधि मंडल ने डी.एम. महासमुंद से मुलाकात कर अवैध कब्जों और निर्माणों की जांच की मांग की। इस पर डीएम ने एडीएम महासमुंद को बलपूर्वक कब्जा हटाने की कार्रवाई करने और संबंधित विभाग को एनओसी दस्तावेजों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया।
सत्याग्रही किसानों ने कहा कि उन्होंने पहले भी जनदर्शन पोर्टल पर प्रमाणित दस्तावेजों के साथ शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन उसकी जानकारी अब तक नहीं दी गई। इस पर डीएम ने जनदर्शन प्रभारी जनक साहू को दो दिन के भीतर सभी शिकायतों की कार्यवाही रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
किसानों ने आगे बताया कि अवैध उद्योगों से निकलने वाला प्रदूषण अब धान की फसल को सड़ा रहा है, जिससे पशु और मानव जीवन भी प्रभावित हो रहा है। इस गंभीर मामले पर डीएम ने जिला कृषि अधिकारी को जांच टीम के साथ मौके पर जाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
राज्य आंदोलनकारी किसान मोर्चा ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो 40 गांवों के किसान अनिल दुबे के नेतृत्व में अवैध उद्योगों के गेट पर धरना-आंदोलन करेंगे।
डीएम महासमुंद ने किसानों की बातों को सही ठहराते हुए कहा कि अवैध करणी कृपा उद्योग पर जल्द ही ठोस कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में प्रमुख रूप से सत्याग्रही महिला किसान नेत्री राधाबाई सिन्हा, श्याम बाई ध्रुव, जिला संगठन प्रभारी अशोक कश्यप, नाथूराम सिन्हा, हेमसागर पटेल, बृजबिहारी साहू और धर्मेंद्र यादव उपस्थित रहे।
सत्याग्रह आंदोलनकारी किसानों की अगली बैठक 11 नवम्बर को दोपहर 2 बजे श्रीराम जानकी मंदिर, खैरझिटी में आयोजित की जाएगी, जिसमें राज्य आंदोलनकारी किसान मोर्चा के अध्यक्ष अनिल दुबे भी शामिल होंगे।
लेखक संपर्क:
अशोक कश्यप, जिला संगठन प्रभारी एवं सत्याग्रह आंदोलनकारी प्रभारी
मो. 9009087379







