छत्तीसगढ़ के गौरव ने बढ़ाया आसमान में प्रदेश का मान: सूर्यकिरण टीम करेगी ‘हार्ट इन द स्काई’ और ‘बॉम्ब बर्स्ट’ जैसे रोमांचक करतब

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर राजधानी रायपुर में इस बार आसमान रोमांच और गर्व के अद्भुत संगम का साक्षी बनेगा। भारतीय वायु सेना की प्रसिद्ध सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम (Suryakiran Aerobatic Team – SKAT) अपने शानदार करतबों से 5 नवंबर को रायपुर के आकाश में जोश और देशभक्ति की नई लहर पैदा करेगी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के गौरव, स्क्वाड्रन लीडर गौरव पटेल भी इस टीम का हिस्सा होंगे, जो राज्य के लिए गर्व की बात है।

कार्यक्रम का आयोजन नया रायपुर के सेंदh तालाब के ऊपर किया जाएगा, जहाँ वायु सेना के 9 हॉक एमके-132 फाइटर जेट्स एक साथ उड़ान भरेंगे। ये जेट्स “बॉम्ब बर्स्ट”, “हार्ट इन द स्काई” और “एरोहेड” जैसी रोमांचक फॉर्मेशन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देंगे। इनके करतब न केवल कौशल का प्रदर्शन होंगे, बल्कि यह देश की सामरिक शक्ति और अनुशासन का प्रतीक भी होंगे।

इस शो की कमान ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी के हाथों में होगी। उन्होंने बताया कि सूर्यकिरण टीम को लीड करना उनके लिए गर्व की बात है। उनके अनुसार, इस तरह की एरोबेटिक टीम को लीड करने में जबरदस्त एकाग्रता, अनुशासन और अभ्यास की जरूरत होती है। वे अब तक 50 से अधिक शो को लीड कर चुके हैं।

फ्लाइट लेफ्टिनेंट कंवल संधू इस कार्यक्रम में विमानों और जमीन पर मौजूद दर्शकों के बीच संवाद की जिम्मेदारी निभाएंगी। वे आसमान में उड़ते विमानों के करतबों को दर्शकों तक शब्दों में पहुँचाकर इस कार्यक्रम को और भी जीवंत बनाएंगी।

छत्तीसगढ़ के गौरव, स्क्वाड्रन लीडर गौरव पटेल, जो सूर्यकिरण टीम का हिस्सा हैं, ने कहा कि रायपुर में होने वाला यह एयर शो उनके लिए बेहद खास है। अपने ही राज्य की धरती पर भारतीय वायु सेना का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व का क्षण है।

यह कार्यक्रम न केवल राज्योत्सव के उत्सव को नई ऊंचाई देगा, बल्कि युवा पीढ़ी को भी प्रेरित करेगा कि देश सेवा में योगदान देने के लिए अनुशासन, साहस और समर्पण कितना महत्वपूर्ण है। 5 नवंबर का दिन रायपुर के आसमान में सुनहरे अक्षरों में दर्ज होने वाला है, जब ‘सूर्यकिरण’ के जेट्स गर्व, देशभक्ति और रोमांच का प्रतीक बनकर उड़ान भरेंगे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment