जुआ अड्डे पर पुलिस की रेड में युवक की मौत से मचा बवाल, गुस्साए ग्रामीणों ने थाने में की तोड़फोड़

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

सूरजपुर जिले में दीपावली की रात उस समय तनाव फैल गया जब पुलिस ने जुआ खेलते लोगों पर रेड की। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस की टीम छापेमारी के लिए मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही जुआरी वहां से भागने लगे, इसी दौरान एक युवक की कुएं में गिरकर मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। रात के समय गुस्साए ग्रामीण बड़ी संख्या में थाने पहुंच गए और पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। गुस्से में ग्रामीणों ने थाने के अंदर घुसकर तोड़फोड़ की और पुलिसकर्मियों से झूमाझटकी भी की। स्थिति को काबू में लाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाना पड़ा।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह पूरा मामला जययनगर थाना क्षेत्र के कुंज नगर का है, जहां दीपावली पर बड़े पैमाने पर जुआ चलने की सूचना थी। रेड के दौरान भगदड़ मचने से युवक की मौत हो गई, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ी। घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर चक्का जाम कर पुलिस कार्रवाई का विरोध किया।

वरिष्ठ अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद हालात पर काबू पाने की कोशिशें की गईं। फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment