छत्तीसगढ़ में लौटता मानसून फिर सक्रिय, अगले दो दिन बारिश के आसार, प्रदेश के कई जिलों में होगी हल्की से मध्यम वर्षा, तापमान में गिरावट जारी

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर: छत्तीसगढ़ में लौटते मानसून ने एक बार फिर दस्तक दे दी है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में मंगलवार रात से ही रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि बुधवार और गुरुवार को रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, बस्तर सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। वहीं, नौ अक्टूबर से मौसम में बदलाव की संभावना व्यक्त की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर शहर में आकाश सामान्यतः मेघमय रहेगा और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ स्थानों पर मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना भी बनी हुई है।

बिलासपुर में भी मौसम बदला रूप

बिलासपुर में मंगलवार को दिनभर मौसम शुष्क रहने के बाद शाम होते-होते आसमान में घने बादल छा गए। हालांकि, कुछ ही देर में बादल आगे बढ़ गए। सुबह के समय शहर में कोहरा और ओस की बूंदें देखने को मिलीं, जिससे मौसम खुशनुमा हो गया। ग्रामीण इलाकों में भी लोगों ने मानसून के इस बदले मिजाज का आनंद लिया।

24 घंटे में कई संभागों में बारिश दर्ज

पिछले 24 घंटों में रायपुर, दुर्ग, बस्तर और बिलासपुर संभाग के कई हिस्सों में वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, नारायणपुर और फरसगांव में 55 मिमी, हरदीबाजार में 48 मिमी, मूंगेली और देवभोग में 42 मिमी, जबकि माना-रायपुर में 38 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा नगरी और राजिम में 25 से 30 मिमी तक पानी गिरा।

मानसून की वापसी जारी

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी रेखा अब मध्य प्रदेश के झांसी और शाहजहांपुर तक पहुंच चुकी है। वहीं, बिहार और उसके आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जो 1.5 से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक प्रभाव डाल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, दुर्ग में अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस और राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment