रायपुर।छत्तीसगढ़ की राजनीति के लिए यह गर्व का क्षण है। कांग्रेस पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर आदिवासी नेतृत्व को मजबूत करते हुए राज्य की दो उभरती महिला नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। ऑल इंडिया आदिवासी कांग्रेस के नए कोऑर्डिनेटर्स की सूची में जशपुर की अशिका कुजूर और मरवाही की अर्चना पोर्ते को शामिल किया गया है।
कांग्रेस हाईकमान द्वारा जारी 26 सदस्यीय सूची में दोनों नामों की एंट्री को आदिवासी महिला सशक्तिकरण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। पार्टी संगठन के भीतर इन नियुक्तियों को छत्तीसगढ़ के लिए मजबूत राजनीतिक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
इससे पहले भी हाल के दिनों में कांग्रेस ने राज्य से जुड़े नेताओं को राष्ट्रीय जिम्मेदारियां दी हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हाल ही में पूर्व छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी महामंत्री गिरीश देवांगन को AICC ओबीसी विभाग का राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया था। उनके साथ त्रिलोक चंद्र श्रीवास और लेखराम साहू को भी इसी विभाग में राष्ट्रीय भूमिका मिली थी।
गौरतलब है कि गिरीश देवांगन पूर्व में छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष रह चुके हैं और वे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी नेताओं में शामिल रहे हैं। पार्टी द्वारा सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इन फैसलों से कांग्रेस छत्तीसगढ़ में आदिवासी, महिला और ओबीसी नेतृत्व को राष्ट्रीय फलक पर और मजबूती से स्थापित करने की तैयारी में है।



