कांग्रेस ने जारी की 6 उम्मीदवारों की सूची, छत्तीसगढ़ से फूलो देवी नेताम को फिर मिला मौका

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर/नई दिल्ली। राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने विभिन्न राज्यों से कुल छह नेताओं को राज्यसभा के लिए नामित किया है। इस सूची में छत्तीसगढ़ से मौजूदा राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम को एक बार फिर उम्मीदवार बनाया गया है।

कांग्रेस द्वारा जारी सूची के अनुसार, तेलंगाना से वरिष्ठ अधिवक्ता और वर्तमान राज्यसभा सांसद अभिषेक मनु सिंघवी को दोबारा मैदान में उतारा गया है। उनके साथ तेलंगाना के मुख्यमंत्री के सलाहकार वेम नरेंद्र रेड्डी को भी उम्मीदवार घोषित किया गया है।

इसके अलावा हरियाणा से करमवीर सिंह बौद्ध, हिमाचल प्रदेश से अनुराग शर्मा और तमिलनाडु से एम. क्रिस्टोफर तिलक को कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपना प्रत्याशी बनाया है।

खास बात यह है कि छत्तीसगढ़ से फूलो देवी नेताम पर पार्टी ने फिर भरोसा जताया है। आदिवासी समाज से आने वाली नेताम लंबे समय से कांग्रेस की सक्रिय नेता रही हैं और वर्तमान में राज्यसभा में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस ने सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए इन नामों का चयन किया है। अब राज्यसभा चुनाव में इन उम्मीदवारों की जीत के लिए पार्टी की रणनीति पर सबकी नजर रहेगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment