बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रहे कथित हमलों और हत्याओं के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंबिकापुर के घड़ी चौक पर बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस का पुतला दहन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इससे पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन से घड़ी चौक तक पैदल मार्च निकाला। मार्च के दौरान बांग्लादेश सरकार और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि अगस्त 2024 में शेख हसीना सरकार के पतन के बाद से बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों को सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया जा रहा है।
कांग्रेस का कहना है कि मोहम्मद यूनुस द्वारा कट्टरपंथी संगठन जमात-ए-इस्लामी पर से प्रतिबंध हटाए जाने के बाद हिंदुओं पर हमले और तेज हो गए हैं, जिससे वहां के हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।
केंद्र सरकार पर ढुलमुल रवैये का आरोप
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ हो रहे नरसंहार पर भारत सरकार को वही कठोर और निर्णायक रुख अपनाना चाहिए, जैसा पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपने कार्यकाल में दिखाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा केंद्र सरकार इस गंभीर मुद्दे पर ठोस नीति अपनाने में विफल रही है।
नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक देश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा वहां की सरकार की जिम्मेदारी होती है, लेकिन बांग्लादेश सरकार इसमें पूरी तरह असफल साबित हुई है। उन्होंने भारत सरकार से कूटनीतिक स्तर पर सख्त कदम उठाने की मांग की।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता शामिल
इस विरोध प्रदर्शन में जेपी श्रीवास्तव, द्वितेंद्र मिश्रा, मो. इस्लाम, विनय शर्मा, रामविनय सिंह, जगन्नाथ कुशवाहा, हेमंत तिवारी, संजय विश्वकर्मा, मुनेश्वर राजवाड़े, डॉ. लालचंद यादव, इंद्रजीत सिंह धंजल, अनिल सिंह, दुर्गेश गुप्ता, संजीव मंदिलवार, लक्ष्मी गुप्ता सहित महिला कांग्रेस और युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
महिला अत्याचार के खिलाफ महिला कांग्रेस का कैंडल मार्च
इधर, उन्नाव रेप केस और अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर न्यायिक फैसलों और निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए महिला कांग्रेस सरगुजा ने घड़ी चौक पर कैंडल मार्च निकाला। महिला कांग्रेस ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि महिला अपराधों में संलिप्त भाजपा नेताओं को राजनीतिक संरक्षण दिया जा रहा है।
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा सोनी ने कहा कि भाजपा सरकार का रवैया महिला अपराधों को बढ़ावा देने वाला है। कैंडल मार्च में संध्या रवानी, गीता प्रजापति, रुही गजाला, प्रीति सिंह, पूर्णिमा सिंह, नुजहत फातिमा, हमीदा बनो, गीता रजक, सपना सिन्हा, उर्मिला विश्वास, कल्पना गुप्ता, प्रतिमा सिंह, असगरी बेगम सहित बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं।







