अभिनेत्री कृति सेनन के रक्षाबंधन विज्ञापन में पहने गए आउटफिट को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सियासी रंग ले चुका है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कृति सेनन का बचाव करते हुए कहा कि महिला क्या पहनती है, क्या करती है और कहां जाती है, यह उसकी अपनी पसंद है।
राहुल गांधी ने कृति सेनन की इंस्टाग्राम स्टोरी अपने अकाउंट पर शेयर करते हुए लिखा, “एक महिला क्या पहनती है, क्या करती है और कहां जाती है—यह उसकी पसंद है। महिलाओं को अपनी स्वतंत्रता का इस्तेमाल करने के लिए ट्रोल करना बंद करें।” उन्होंने इसके साथ #SmashThePatriarchy हैशटैग भी लगाया।
दरअसल, ज्वेलरी ब्रांड GIVA के रक्षाबंधन विज्ञापन में कृति सेनन को ब्रालेट-स्टाइल ब्लाउज, केप और ड्रेप्ड स्कर्ट पहने नजर आने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने आपत्ति जताई। लोगों ने रक्षाबंधन जैसे पारंपरिक त्योहार के विज्ञापन में इस तरह के पहनावे को लेकर सवाल उठाए।
कृति ने ट्रोलर्स को दिया करारा जवाब
विवाद बढ़ने के बाद कृति सेनन ने भी सोशल मीडिया पर अपनी बात रखी। उन्होंने सवाल किया कि “हम महिलाओं को यह बताना कब बंद करेंगे कि उन्हें क्या पहनना चाहिए?”
कृति ने कहा कि त्योहार की असली भावना कपड़ों में नहीं, बल्कि रिश्तों, भावनाओं और परंपराओं में होती है। उन्होंने यह भी कहा कि संस्कृति और परंपराएं किसी महिला की नेकलाइन से नहीं, बल्कि उसके दिल में होती हैं।
कंगना ने भी साधा निशाना
वहीं, बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी विज्ञापन पर सवाल उठाए। हालांकि उन्होंने कृति सेनन का नाम नहीं लिया, लेकिन अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि आज महिलाओं के पास पहनने के लिए कई विकल्प हैं, फिर रक्षाबंधन पर भाई को राखी बांधने के लिए “बिकिनी/अंडरगारमेंट्स” जैसा पहनावा क्यों चुना गया?
कंगना ने विज्ञापन को लेकर कहा कि यह पसंद जानबूझकर अजीब और असहज करने वाली लगती है।
एक विज्ञापन से शुरू हुआ कपड़ों का विवाद अब महिला की पसंद, संस्कृति और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर राजनीतिक बहस में बदलता नजर आ रहा है।






