पहले चरण में लालू-नीतीश की पार्टियों की सबसे ज्यादा सीटें दांव पर, तेजस्वी से लेकर सम्राट तक की प्रतिष्ठा दांव पर

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का पहला चरण बेहद अहम माना जा रहा है। इस चरण में लालू प्रसाद यादव की राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और नीतीश कुमार की जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की सबसे ज्यादा सीटें दांव पर हैं। पहले चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान 6 नवंबर को होगा।

अब तक कुल 1698 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है, जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर तय की गई है।

महागठबंधन बनाम एनडीए: कौन कहां से मैदान में

पहले चरण में राजद और जदयू के बीच सबसे ज्यादा सीटों पर सीधी टक्कर है।
महागठबंधन की ओर से राजद ने 71, कांग्रेस ने 25, भाकपा माले ने 13, वीआईपी और सीपीआई ने 6-6, जबकि सीपीएम और आईआईपी ने 2-2 प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं।

वहीं एनडीए की ओर से जदयू ने 57, भाजपा ने 48, लोजपा (राम) के 14 और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी रालोमो ने 2 प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं।

सीधी टक्कर की सीटें

पहले चरण में 36 सीटों पर राजद बनाम जदयू, 23 सीटों पर राजद बनाम भाजपा, और 23 सीटों पर कांग्रेस बनाम भाजपा का सीधा मुकाबला है।
वहीं कांग्रेस और जदयू के बीच 12 सीटों, तथा चिराग पासवान बनाम तेजस्वी यादव के बीच 10 सीटों पर दिलचस्प मुकाबला होने वाला है।

विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) की बात करें तो उसकी 6 सीटों में से 4 सीटों पर भाजपा और 2 सीटों पर जदयू से टक्कर होगी।

इन दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर

पहले चरण में कई दिग्गज नेताओं की साख दांव पर है।
राजद से तेजस्वी यादव राघोपुर से मैदान में हैं, जबकि भोजपुरी स्टार पवन सिंह छपरा से किस्मत आजमा रहे हैं।
भाजपा की ओर से उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा लखीसराय, सम्राट चौधरी तारापुर, मंत्री मंगल पांडेय सीवान, संजय सरावगी दरभंगा सदर, नितिन नवीन बांकीपुर और लोकगायिका मैथिली ठाकुर अलीनगर सीट से चुनावी अखाड़े में हैं।

जदयू से मंत्री विजय कुमार चौधरी सरायगंज और महेश्वर हजारी कल्याणपुर से मैदान में हैं।

पहले चरण के नतीजे यह तय करेंगे कि बिहार की राजनीति में लालू-नीतीश की परंपरागत पकड़ कितनी बरकरार रहती है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment