छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई जारी है। दुर्ग, भिलाई-3 और धमतरी के बाद अब ED की टीम बलरामपुर पहुंची है। यहां सर्किट हाउस में वर्तमान अपर कलेक्टर चेतन बोरघारिया से पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, ED की टीम मंगलवार सुबह दो वाहनों से बलरामपुर स्थित सर्किट हाउस पहुंची। टीम के पहुंचने के बाद सर्किट हाउस परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई। चेतन बोरघारिया को सर्किट हाउस बुलाकर अधिकारियों द्वारा पूछताछ की जा रही है।
चेतन बोरघारिया पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में OSD के पद पर भी रह चुके हैं। वर्तमान में वे बलरामपुर में अपर कलेक्टर के पद पर पदस्थ हैं।
इससे पहले ED की टीम ने भिलाई-3 में केके चंद्रवंशी के घर और दुर्ग में पटवारी कमलेश राजपूत के घर भी कार्रवाई की है। वहीं धमतरी में भी ED की टीम ने चेतन बोरघारिया से जुड़े ठिकाने पर कार्रवाई की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल ED की ओर से आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि चेतन बोरघारिया से पूछताछ किस मामले या जांच के सिलसिले में की जा रही है। कार्रवाई और पूछताछ को लेकर अधिक जानकारी का इंतजार है।







