कोरबा, दरी रोड — जश्न रिसोर्ट के मालिक करनदीप सिंह ने 12 अक्टूबर 2025 को एक लिखित शिकायत (एफआईआर) दर्ज कराई है जिसमें आरोप लगाया गया है कि सपना चौधरी के सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद कुछ व्यक्तियों ने रिसोर्ट में मारपीट और तोड़फोड़ की तथा रिसेप्शन से नकदी व उपकरण लेकर चले गए।
प्राथी के अनुसार (करनदीप सिंह, पिता स्व. जगराज सिंह, उम्र 38), कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सपना चौधरी व उनकी टीम अपने कमरों में गई थी। शिकायत में कहा गया है कि अमित नवरंगलाल, अनिल द्विवेदी, युगल शर्मा और सुजल अग्रवाल नामक चार लोग शराब के नशे में आकर टीम के सदस्यों का अपमान कर रहे थे और उनके कमरे के दरवाजे पर जोर-जोर से धमाका कर रहे थे। जब प्रधान ने हस्तक्षेप कर कलाकारों को सुरक्षा दी तो शिकायतकर्ता और उनके साथियों के साथ अभद्र भाषा, जान से मारने की धमकी और मारपीट की घटना हुई।

शिकायत में आगे कहा गया है कि आरोपी रात करीब 12:30 से 1:30 बजे के बीच रिसोर्ट के जीएम ऑफिस और रिसेप्शन में तोड़फोड़ करके जीएम ऑफिस से लैपटॉप व डीबीआर (CCTV डिवाइस) तथा रिसेप्शन काउंटर से ₹10,000 नकद उठा कर ले गए। मारपीट में शिकायतकर्ता, उनके भाई स्नेहदीप (गोल्डी), इमरान व अन्य साथी घायल हुए हैं। करनदीप ने तोड़फोड़ से लगभग ₹7,00,000 का आर्थिक नुकसान होने का भी आकलन किया है। घटना के प्रत्यक्षदर्शी गोल्डी, ईशांत, जयवीर राणा, प्रदीप सहगल, स्नेहदीप तथा अन्य बताये गए हैं।
घटना के बाद करनदीप ने थाना कोतवाली, कोरबा में लिखित आवेदन दिया और पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की है। प्राथनापत्र में आरोपों को संज्ञेय अपराध बताया गया है और आवश्यक जांच-पड़ताल व साक्ष्य संग्रह की बात कही गई है।
दूसरी ओर, शिकायत में यह भी उद्धृत है कि अगर तत्काल कार्रवाई और सुरक्षा न होती तो जान का खतरा पैदा हो सकता था — इसीलिए, पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारियों के अनुसार पुलिस ने घायल लोगों का मेडिकल परीक्षण कराया और संभावित CCTV फुटेज तथा अन्य साक्ष्यों की जाँच-अनुशीलन कर रही है। आगे की कानूनी कार्यवाही और पुलिस के बयान के अनुसार ही मामला सार्वजनिक किया जाएगा।







