दिल्ली में CG कांग्रेस की हाई-लेवल मीटिंग आज, खड़गे करेंगे अध्यक्षता

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर।77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।

गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और छत्तीसगढ़ का राज्यगीत ‘अरपा पैरी के धार’ गाया गया। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संविधान, लोकतंत्र और महात्मा गांधी के विचारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहने का संकल्प लिया।

 आज शाम दिल्ली में अहम बैठक

ध्वजारोहण के बाद मीडिया से चर्चा में दीपक बैज ने बताया कि आज शाम 5 बजे दिल्ली स्थित AICC मुख्यालय में कांग्रेस की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे।

इस हाई-प्रोफाइल बैठक में छत्तीसगढ़ से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज शामिल होंगे। राजनीतिक हलकों में इस बैठक को छत्तीसगढ़ कांग्रेस के भविष्य की दिशा तय करने वाला माना जा रहा है।

 संगठन और रणनीति पर मंथन

दीपक बैज ने कहा कि बैठक में संगठन को मजबूत करने, आगामी राजनीतिक रणनीति और जमीनी स्तर पर पार्टी की सक्रियता को लेकर गहन चर्चा होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी हाईकमान से मिलने वाले निर्देशों को प्रदेश स्तर पर पूरी गंभीरता के साथ लागू किया जाएगा।

 मनरेगा और जनहित के मुद्दे रहेंगे केंद्र में

बैठक में मनरेगा योजना सहित कई जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी फोकस रहेगा। दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर जनता को जागरूक कर रहे हैं और सरकार की नीतियों के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में स्थानीय समस्याओं और जन सरोकार से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने के लिए एक नई कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment